सपा छोड़कर BJP में जाने की चर्चा को बाबू सिंह कुशवाहा ने बताया अफवाह, बोले- ‘मेरे आगे बढ़ने में रोड़ा बन रहे अपने ही लोग





जौनपुर समाजवादी पार्टी के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा के बीजेपी में शामिल होने की चर्चाओं ने यूपी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। हाल ही में उनके जल्द सपा छोड़कर बीजेपी का दामन थामने का दावा किया गया था। हालांकि, बाबू सिंह कुशवाहा ने इन तमाम चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें महज अफवाह बताया है।
न्यूज चैनल यूपी तक से विशेष बातचीत में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि ऐसी अफवाहें बीजेपी या कांग्रेस के लोग नहीं, बल्कि उनके अपने ही लोग फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए इस तरह की बातें कर रहे हैं।
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा, “इस तरह की बातें लोग नहीं करते, बल्कि जो मेरा हितैषी होने का दावा करते हैं, वे करते हैं। उनको लगता है कि मौका अच्छा है, इसको निपटा देते हैं। ये मेरे आगे बढ़ने में रोड़ा बन रहा है तो इसको संदिग्ध बना देते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि इन अफवाहों से उनका राजनीतिक रुख नहीं बदला है और वह समाजवादी पार्टी के साथ हैं। हालिया रिपोर्टों में भी कुशवाहा ने बीजेपी में जाने की चर्चाओं का खंडन करते हुए सपा के साथ बने रहने की बात कही है।
गौरतलब है कि बाबू सिंह कुशवाहा पहले बहुजन समाज पार्टी के साथ रहे हैं और मायावती सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर जौनपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
फिलहाल, बीजेपी में जाने की चर्चाओं पर सांसद का स्पष्ट बयान सामने आने के बाद इन अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है।

संवाददाता शुभाष शाश्त्री

Post a Comment

Previous Post Next Post