हरदोई में शिकायत की तो शिक्षक ने पीटा?हाथ में फ्रैक्चर, इलाज के दौरान 8वीं की छात्रा की मौत




हरदोई। भरखनी ब्लॉक के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा 8 की छात्रा क्षमा दीक्षित की उपचार के दौरान मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है।
परिजनों का आरोप है कि सहपाठी से विवाद की शिकायत करने के बाद शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार ने छात्रा के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हालत बिगड़ने पर उसे फर्रुखाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले का एक वायरल वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रा कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट की घटना बताती नजर आ रही है।
बेटी की मौत के बाद पिता उमेश दीक्षित ने पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विभाग के अनुसार विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार, दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी पूरी तरह स्पष्ट होगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post