कानपुर तीन नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर उन्हें बेचने के मामले में करीब 39 साल से फरार चल रहे आरोपित को कानपुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित प्रदीप कुमार की उम्र अब 72 वर्ष है। पुलिस ने पुराने वोटर आइडी रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की मदद से उसकी तलाश पूरी की।
जूही थाना क्षेत्र के साईंपुरवा कच्ची मड़ैया निवासी प्रदीप कुमार पर वर्ष 1984 में 13 वर्ष की दो और 14 वर्ष की एक नाबालिग लड़की का बहला-फुसलाकर अपहरण करने और उन्हें बेचने का आरोप लगा था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वह जेल से बाहर आया और इसके बाद फरार हो गया।
करीब चार दशक तक पुलिस उसकी तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। हाल में पुलिस ने पुराने मामले को दोबारा खंगाला। हाईकोर्ट में इस प्रकरण की स्टेटस रिपोर्ट भी दाखिल की जानी थी। रिपोर्ट दाखिल करने की निर्धारित तारीख से कुछ दिन पहले पुलिस ने पुराने वोटर आइडी रिकॉर्ड के जरिए आरोपित का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
जूही थाना प्रभारी केके पटेल के अनुसार, वर्ष 1984 में तीनों नाबालिगों को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अगवा किया गया था। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर मामले से जुड़े पुराने तथ्यों और अन्य जानकारियों को जुटा रही है।
रिपोर्ट नीरज कुमार
Post a Comment