गुरु नानक हॉस्पिटल में मरीज की जेब से ₹18 हजार चोरी का आरोप, सीसीटीवी फुटेज दिखाने की उठी मांग





शाहजहाँपुर। शहर के कच्चा कटरा मोड़ स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में एक मरीज की जेब से ₹18,000 गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अस्पताल परिसर में जेबकतरी होने का आरोप लगाया है तथा अस्पताल प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लालबाग स्थित रौसरकोठी निवासी महेंद्र गुप्ता अपनी पत्नी का इलाज कराने गुरु नानक हॉस्पिटल पहुंचे थे। उनका पर्चा क्रमांक 157 था। भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने कथित रूप से ₹800 की इमरजेंसी फीस जमा कर इमरजेंसी पर्चा बनवाया, ताकि जल्द चिकित्सक को दिखाया जा सके।

पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर को दिखाने के बाद जब वह अस्पताल परिसर में स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि उनकी जेब से ₹18,000 गायब हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी देते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने का अनुरोध किया, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें फुटेज नहीं दिखाई गई।

महेंद्र गुप्ता का यह भी कहना है कि घटना के बाद आसपास मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि अस्पताल परिसर में पहले भी कई लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।

पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस में शिकायत किए जाने की स्थिति में जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। 

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post