शाहजहांपुर। श्रावण मास की कांवड़ ड्यूटी के दौरान जैतीपुर पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसका साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी समेत लूट का सामान बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे जैतीपुर पुलिस मरूआझाला पुलिया के पास गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। रोकने के लिए ललकारने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश की पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। उस पर जिला स्तर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह जैतीपुर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। पुलिस ने घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी जैतीपुर भेजा। उसके फरार साथी की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने चंदन के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन और 2,040 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा 17 जुलाई की रात लखीमपुर खीरी में हुई लूट से संबंधित सफेद धातु की एक जोड़ी पायल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट
Post a Comment