जौनपुर की अज़्कह इकबाल खान ने NEET UG 2026 में 617 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान




संवाददाता हाफिज नियामत 

जौनपुर, उत्तर प्रदेश। जनपद जौनपुर के शहर स्थित बलुवाघाट एवं मूल निवास मानी कलां गांव की रहने वाली अज़्कह इकबाल खान, पुत्री मोहम्मद इक़बाल खान एवं शबनम खातून, ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर परिवार, गांव और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।

अज़्कह ने 720 में से 617 अंक प्राप्त करते हुए 99.71 पर्सेंटाइल हासिल की है। साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5582 प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

उन्होंने अपनी 12वीं (इंटरमीडिएट) की शिक्षा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पूरी की। विशेष बात यह रही कि अज़्कह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के साथ परिजनों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयारी की तथा प्रथम प्रयास में ही NEET UG परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

अज़्कह की इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों, रिश्तेदारों तथा शहर और गांव के लोगों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

परिजनों ने विश्वास जताया कि अज़्कह आगे चलकर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगी। उल्लेखनीय है कि उनकी बड़ी बहन डॉ. उम्में सुमैय्या भी चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रही हैं। ऐसे में अज़्कह की सफलता इस परिवार की शिक्षा, मेहनत और समाजसेवा के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है।

शहर एवं क्षेत्र के लोगों ने अज़्कह इकबाल खान की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर मेहनत करते हैं।।

Post a Comment

Previous Post Next Post