संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर 14 जुलाई। जनपद में अपराध एवं गोवध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान मेराज उर्फ साजिद खान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।
पुलिस ने मौके से गालिब और शहजाद को गिरफ्तार किया। वहीं मुखबिर की सूचना पर बस्ती नहर पुलिया से अरहम, आकिब और आयान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गोवंश का वध कर आसपास के क्षेत्रों में मांस बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटनास्थल से एक .315 बोर तमंचा, एक जीवित कारतूस, एक खोखा, लकड़ी का ठीहा, चार चाकू, दो चापड़ तथा 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया।
पशु चिकित्साधिकारी द्वारा निरीक्षण के बाद बरामद मांस को प्रथम दृष्टया गोवंशीय मांस बताया गया है तथा जांच के लिए नमूने सुरक्षित कराए गए हैं। पुलिस ने मेराज उर्फ साजिद के विरुद्ध बीएनएस, आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की है।
Post a Comment