संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल संचालक डॉक्टर और उनकी टीम पर इलाज में गंभीर लापरवाही तथा गलत तरीके से ऑपरेशन करने का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और डॉक्टर की गिरफ्तारी के साथ उचित कार्रवाई तथा मुआवजे की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, सरायमीर क्षेत्र के पूनापार गांव निवासी सत्यदेव की पत्नी 30 वर्षीय मनीषा की शादी नवंबर 2022 में अंबेडकर नगर जिले के कटका बाजार निवासी संतोष कुमार ठठेरा से हुई थी। कुछ समय से वह अपने मायके में रहकर इलाज करा रही थीं। परिजनों का आरोप है कि 12 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पवई लाडपुर स्थित निजी अस्पताल के जच्चा-बच्चा केंद्र में भर्ती कराया गया। रात में डॉक्टर ने बताया कि ऑपरेशन नहीं किया गया तो महिला की जान को खतरा हो सकता है। इसके बाद ऑपरेशन किया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन सही ढंग से नहीं किया गया, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों ने गंभीर हालत में मनीषा को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई महीनों तक इलाज चलता रहा। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर पवई लाडपुर स्थित अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ के वाहन पर भी कुछ लोगों द्वारा घेर लिया गया था।
बताया जा रहा है कि संबंधित अस्पताल को पहले भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनियमितताओं के आरोप में सील किया गया था। बाद में अस्पताल संचालक ने स्थान बदलकर करीब 20 दिन पहले पवई लाडपुर में दोबारा अस्पताल का संचालन शुरू किया था।
घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment