बिलरियागंज में अवैध अस्पताल सील, संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर




संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़, 13 जुलाई। बिलरियागंज बाजार में बिना पंजीकरण संचालित एक अवैध अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल संचालक एवं मामले से जुड़े लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली बिलरियागंज में तहरीर दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि शाहडीह निवासी कौशल्या देवी (35) को 12 जुलाई को बिलरियागंज बाजार स्थित राहुल नगर में संचालित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में विनोद मौर्य द्वारा महिला का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद रात में तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए आजमगढ़ के हायर सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी एवं निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान के नोडल अधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज के अधीक्षक डॉ. सतीश चन्द की संयुक्त टीम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच में अस्पताल में कोई वैध एवं योग्य चिकित्सक नहीं मिला और न ही अस्पताल का पंजीकरण अथवा अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जा सके। इसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
सीएमओ डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि संबंधित अस्पताल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए कोतवाली बिलरियागंज में लिखित तहरीर दे दी गई है। अब मामले में पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित अस्पतालों व नर्सिंग होम के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या चिकित्सा प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी अस्पताल में इलाज या ऑपरेशन कराने से पहले उसका पंजीकरण और चिकित्सकों की योग्यता की जानकारी अवश्य कर लें तथा किसी भी अवैध अस्पताल की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post