संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र स्थित शहनाज मेमोरियल अस्पताल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका के पति ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी को गलत रक्त समूह का रक्त चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
थानाध्यक्ष मंतोष सिंह के अनुसार, अहरौला क्षेत्र निवासी ओमकार मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी करिश्मा मौर्य को 15 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर शहनाज मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 16 जुलाई को चिकित्सकों की सलाह पर ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की बात कही। ओमकार मौर्य का कहना है कि उनका और उनकी पत्नी दोनों का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव था तथा उन्होंने स्वयं रक्त देने की इच्छा जताई, लेकिन चिकित्सकों ने मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने 8,000 रुपये देकर बाहर से रक्त की व्यवस्था कराई। आरोप है कि 16 जुलाई की रात रक्त चढ़ाना शुरू किया गया और अगले दिन सुबह तक रक्त चढ़ाया जाता रहा।
परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान करिश्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका ब्लड प्रेशर तेजी से गिरने लगा। आरोप है कि बाद में बुलाए गए एक वरिष्ठ चिकित्सक ने जांच के दौरान बताया कि मरीज को दूसरे रक्त समूह का रक्त चढ़ा दिया गया है। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने बिना समुचित उपचार के उन्हें एंबुलेंस से दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल से लगभग 500 मीटर आगे बढ़ते ही करिश्मा के मुंह से झाग और खून निकलने लगा तथा कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। आरोप है कि अस्पताल का प्रबंधक, चिकित्सक और अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और जांच करते हुए संबंधित चिकित्सकों से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment