क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: मिलावटी दूध बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार





मुंबई: मुंबई पुलिस की अपराध शाखा (यूनिट-11, कांदिवली) ने मिलावटी दूध के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 15 जुलाई 2026 को गोरेगांव (पश्चिम) स्थित प्रेम नगर, लिंक रोड के पास एक परिसर में की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नामी कंपनी के दूध के पैकेटों में मिलावट कर उन्हें दोबारा सील कर बाजार में बेचा जा रहा है। इसके बाद अपराध शाखा ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अधिकारियों के साथ संयुक्त छापेमारी की।
छापे के दौरान पुलिस ने करीब 878 लीटर मिलावटी दूध, विभिन्न कंपनियों के दूध के पैकेट, मिलावट में इस्तेमाल होने वाला सामान और एक मोबाइल फोन सहित लगभग 2.39 लाख रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नामी ब्रांड के दूध के पैकेटों को खोलकर उनमें मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ मिलाते थे और फिर उन्हें दोबारा पैक कर बाजार में बेचते थे। इस मिलावटी दूध से आम नागरिकों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था।
आरोपियों के खिलाफ गोरेगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है तथा मिलावटी दूध की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।

संवाददाता: जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post