पोखरे में मिला अज्ञात युवक का शव, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका



संवाददाता चंदन सनकर

आजमगढ़ (देवगांव)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव स्थित खाकी बाबा मंदिर के समीप शनिवार सुबह एक पोखरे में अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीण मंदिर के पास स्थित पोखरे में मछलियों को चारा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही लालगंज चौकी पुलिस और देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके की जांच के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी जा रही है। उसने काले रंग की जींस और लाल रंग की बनियान पहन रखी थी। उसके दोनों कानों पर सफेद दाग पाए गए हैं तथा जेब से तंबाकू की एक पुड़िया भी बरामद हुई है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से पोखरे में फेंका गया है। वहीं पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों में शव की फोटो भेजी है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post