प्रसूता कौशिल्या मौत प्रकरण में बड़ी कार्रवाई, राजेश हॉस्पिटल से जुड़ा अभियुक्त गिरफ्तार



संवाददाता रामजीत कुमार 

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने प्रसूता कौशिल्या की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश हॉस्पिटल से जुड़े नामजद अभियुक्त राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, शाहडीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू कौशिल्या को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा समुचित उपचार नहीं किया गया। बाद में गंभीर अवस्था का हवाला देकर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का भी आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलरियागंज में मुकदमा संख्या 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर के पास से अभियुक्त राजेश गुप्ता (54 वर्ष) निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post