ठाणे: ठाणे क्राइम ब्रांच ने एक बेहद सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, दो सगे भाइयों ने अपने ही करीबी दोस्त की गला रेतकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव के कई टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग सुनसान स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की उल्हासनगर यूनिट-4 ने कार्रवाई करते हुए रिक्शा चालक फैज मालिम (24) और अल्बान मालिम (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से अपने दोस्त अमन शेख (23), निवासी मुंब्रा की हत्या करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि 13 जुलाई 2026 की रात दोनों आरोपियों ने अमन शेख की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के सिर, हाथ-पैर सहित कई टुकड़े कर उन्हें खरडी गांव के निर्जन इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया, ताकि पुलिस को घटना का पता न चल सके।
यह कार्रवाई ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगले, डीसीपी अमरसिंह जाधव, एसीपी शेखर बागड़े के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच यूनिट-4 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल, एपीआई श्रीरंग गोसावी और हवालदार गणेश गावड़े की टीम ने की।
पुलिस हत्या के पीछे के मकसद, घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार तथा अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संवाददाताः जावेद शेख।
Post a Comment