संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र के कोरौली खुर्द गांव में सोमवार सुबह 23 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से पंखे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के अनुसार कोरौली खुर्द निवासी अलमदार हुसैन की शादी लगभग दो वर्ष पहले बिहार के सासाराम निवासी तलत फातिमा (23) से हुई थी। अलमदार हुसैन पिछले करीब एक वर्ष से पढ़ाई के सिलसिले में इराक में रह रहे हैं। परिवार के अनुसार रविवार शाम घर के अन्य सदस्य मोहर्रम की मजलिस में शामिल होने के लिए सुल्तानपुर गए थे, जबकि तलत फातिमा घर पर अकेली थीं। सोमवार सुबह गांव से सूचना मिली कि वह अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार राहुल कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया गया।
मृतका के सौतेले देवर शहजाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी भाभी मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रही थीं और इसी कारण उन्होंने आत्महत्या की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार मृतका के पति दो भाइयों में बड़े हैं। परिवार की परिस्थितियों को लेकर भी गांव में चर्चा रही। वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि घटना से पहले तलत फातिमा की अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment