संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने, धर्म परिवर्तन कराने तथा परिवार को धमकी देने के आरोप में वांछित युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुरियावां गांव निवासी मो. गुड्डू पुत्र असलम पिछले करीब तीन वर्षों से उसकी नाबालिग पुत्री को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। आरोप है कि 11 जुलाई की रात वह लड़की को अपने साथ ले गया, धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर लिया और परिवार पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर सरायमीर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं, पॉक्सो एक्ट तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक उदय बहादुर यादव ने पुलिस टीम के साथ कुरियावां गांव में दबिश दी और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर पीड़िता भी बरामद हुई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment