पत्रकार संघ ने भाला फेंक एथलीट रोहित यादव के पिता को किया सम्मानित, बांटी मिठाई





संवाददाता एच.एन.कुरैशी

मछलीशहर जौनपुर भाला फेंक जेवलिन थ्रो के प्रतिभाशाली खिलाड़ी रोहित यादव की ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धि पर जौनपुर पत्रकार संघ (मछलीशहर इकाई) ने उनके पिता सभाजीत यादव को सम्मानित कर खुशी जाहिर की। हाल ही में भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहित यादव ने 87.05 मीटर भाला फेंककर देश में पहला स्थान प्राप्त किया, जिससे पूरे जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।
इसी क्रम में जौनपुर पत्रकार संघ (मछलीशहर इकाई) के अध्यक्ष अनिल पांडेय के नेतृत्व में पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल मछलीशहर क्षेत्र के ग्राम अदारी (डभिया) स्थित रोहित यादव के पैतृक आवास पहुंचा। वहां अध्यक्ष अनिल पांडेय ने रोहित के पिता सभाजीत यादव को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पत्रकार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ग्रामीणों और परिजनों के बीच मिठाई वितरित कर अपनी खुशी साझा की। रोहित यादव के पिता सभाजीत यादव ने पत्रकार संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और मीडिया से मिला यह सम्मान रोहित को भविष्य में ओलंपिक तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम और ऊंचा करने के लिए प्रेरित करेगा।
अध्यक्ष अनिल पांडेय ने कहा कि रोहित यादव ने 87.05 मीटर भाला फेंककर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे जौनपुर जिले और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना अत्यंत प्रेरणादायक उपलब्धि है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी के माता-पिता का सम्मान करना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में विभाष यादव, सतीश चन्द्र दूबे, रमन यादव, मयंक सिंह, हाफीज नियामत तथा अब्दुल हई (राजा) सहित पत्रकार संघ के सदस्य, स्थानीय गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post