भाजपा नेता पूर्व चेयरमैन की इलेक्ट्रिक कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक गंभीर





शाहजहांपुर। अल्हागंज-कोयला मार्ग पर आलोक मिश्रा के ढाबे के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री एवं पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता की बताई जा रही है। बताया गया कि कार तेज गति में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद स्कूटी को जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। घायल की पहचान नन्हें भुर्जी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अल्हागंज पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद कार सवार वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post