डिप्टी सीएम के काफिले को काले झंडे दिखाने पर 9 पर मुकदमा, मिर्जापुर इंस्पेक्टर का हुआ तबादला




शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के शाहजहांपुर दौरे के दौरान उनके काफिले को काले झंडे दिखाए जाने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चार नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है तथा अज्ञात आरोपितों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार, बुधवार को उपमुख्यमंत्री का काफिला जलालाबाद से मिर्जापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सड़क किनारे एकत्र होकर काले झंडे दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात आरोपितों की पहचान के लिए घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई।इधर, इस प्रकरण के बाद पुलिस महकमे में भी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली। विरोध प्रदर्शन की घटना जलालाबाद थाना क्षेत्र में होने के बावजूद मिर्जापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सोनी शुक्ला का तबादला कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग में विभिन्न तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। हालांकि, तबादले के संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की  रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post