अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा और कसा: दो शस्त्र लाइसेंस निरस्त, अब तक 51 पर कार्रवाई





संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संस्तुति पर जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार ने गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपित दो शस्त्र धारकों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
निरस्त किए गए लाइसेंस धारकों में निजामाबाद थाना क्षेत्र के गौसपुर निवासी मोहम्मद अबुबकर तथा मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरा रानी निवासी शाहिद हसन शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध मारपीट, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने उनके पास शस्त्र बने रहना जनहित और कानून-व्यवस्था के लिए अनुचित माना।
पुलिस विभाग के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक 42 शस्त्र लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के कार्यकाल में अब तक कुल 51 शस्त्र लाइसेंसों पर कार्रवाई की जा चुकी है। यह कार्रवाई जनपद में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की लगातार निगरानी की जा रही है। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन का संदेश साफ है कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post