सराफा दुकान का शटर तोड़कर 17 लाख के जेवरात और नकदी पार




शाहजहांपुर तिलहर क्षेत्र के हाईवे किनारे कपसेड़ा गांव स्थित सांवरिया सेठ ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर तिजोरी तोड़कर करीब 8 किलो चांदी के आभूषण, 23 ग्राम सोने के जेवरात और ₹97 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर प्रभारी कोतवाल सुनील कुमार यादव, चौकी प्रभारी सौरभ शुक्ला सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि चोरों ने पहले पीछे की दीवार काटने की कोशिश की, लेकिन बाद में शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

शाम को एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे और सीओ विद्युत सक्सेना ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

शाहजहांपुर से अजय सिंह की रिपोर्ट

Post a Comment

Previous Post Next Post