जलती मशालों के साथ सड़कों पर उतरे लोग, लालगंज रेलवे लाइन की मांग को लेकर गूंजा देवगांव



संवाददाता जाबिर शेख 

लालगंज को रेल से जोड़ने की मांग पर देवगांव में निकला विशाल मशाल जुलूस

देवगांव आजमगढ़ वाराणसी से वाया डोभी, देवगांव, लालगंज, मोहम्मदपुर, रानी की सराय, आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर तक रेलवे लाइन निर्माण की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन ने गुरुवार को नया रूप ले लिया। रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले देवगांव बाजार में सैकड़ों लोगों ने मशाल जुलूस निकालकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया।
शाम सात बजे सहिमल पोखरा से शुरू हुआ मशाल जुलूस देवगांव बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए ज्यूली मोड़ तक पहुंचा। हाथों में जलती मशालें लिए युवा, किसान, व्यापारी, अधिवक्ता, छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता "लालगंज को रेल से जोड़ो" और "रेल हमारा अधिकार है" जैसे नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे बाजार क्षेत्र में आंदोलन के समर्थन में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि लालगंज के नाम पर प्रस्तावित रेलवे परियोजना को वास्तविक लालगंज क्षेत्र से दूर ले जाना क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि यदि लालगंज को रेलवे नेटवर्क से नहीं जोड़ा गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि रेलवे लाइन बनने से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी। आंदोलन में शामिल लोगों ने एक स्वर में सरकार से वाराणसी-देवगांव-लालगंज-आजमगढ़-गोरखपुर रेलमार्ग को स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
मशाल जुलूस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में नौजवान शामिल रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post