विनीत राय हत्याकांड के बाद गाजीपुर में हाई अलर्ट आरोपी एनकाउंटर के बाद गांव बना पुलिस छावनी, बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक




गाजीपुर चर्चित विनीत राय हत्याकांड में मुख्य आरोपी और एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद गाजीपुर का गोड़ा देहाती गांव पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। गांव से लेकर फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। हालात इतने संवेदनशील हैं कि बाहरी लोगों को गांव में प्रवेश करने से रोककर वापस लौटाया जा रहा है।

29 मई की रात बिंदु होटल के मालिक एवं होटल एसोसिएशन अध्यक्ष आलोक राय के पुत्र विनीत राय* की सात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के पांचवें दिन पुलिस ने एक लाख के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी को मुठभेड़ में मार गिराया। हालांकि आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने इसे फर्जी मुठभेड़ बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस पर पथराव कर दिया।

पथराव की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि के नेतृत्व में करंडा, मरदह, कोतवाली, दिलदारनगर समेत छह थानों की पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है। गांव के हर रास्ते और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी गई है।

पुलिस की निगरानी इतनी कड़ी है कि गोड़ा देहाती गांव में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की जांच की जा रही है। वहीं गायत्री मंदिर मार्ग से फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग और स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा रहा है।

एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने साफ कहा है कि पुलिस पर पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और पूरे क्षेत्र में लगातार नजर बनाए हुए है।

 विनीत राय हत्याकांड और आरोपी के एनकाउंटर के बाद गाजीपुर में तनाव बरकरार है, जबकि पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चौकसी बढ़ाए हुए है।


ब्यूरो रिपोर्ट ए के सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post