महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक के विरोध में सपा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन




वाराणसी। गैस सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, अघोषित बिजली कटौती तथा 10 प्रतिशत टैरिफ चार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शास्त्री घाट पर प्रदर्शन कर सभा आयोजित की।

सभा के बाद कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क की परिक्रमा कर पुनः शास्त्री घाट लौट आए और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय देवेंद्र कुमार को सौंपा।

सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’ ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। घरेलू गैस सिलिंडर, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित है। उन्होंने किसानों को पर्याप्त डीजल न मिलने का भी आरोप लगाया।

स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।

सभा का संचालन करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव ‘बबलू’ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है और सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव, किशन दीक्षित, राजू यादव, आनंद मौर्या, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, डॉ. ओपी सिंह, विष्णु शर्मा, डॉ. सुभाष राजभर, गणेश यादव, हरीश मिश्रा, महेंद्र सिंह यादव, लालू यादव, उमेश प्रधान, अखिलेश मिश्रा, जगन्नाथ कुशवाहा, कमलेश पटेल, आनंद सिंह, अभिषेक मिश्रा, अखिलेश यादव, आकाश मौर्या सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाता शुभाष तिवारी 

Post a Comment

Previous Post Next Post