लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मंगलवार से बुधवार के बीच कभी भी मानसून सक्रिय हो सकता है। इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर सहित 26 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी समेत 29 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त 25 अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रविवार से सोमवार के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। बहराइच में सर्वाधिक 104 मिमी तथा श्रावस्ती में 80 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
सोमवार को आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अलीगढ़ में 42 डिग्री तथा बांदा में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 30 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। जुलाई के पहले सप्ताह में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा वज्रपात के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
Post a Comment