मुंबई: भायखला पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से वाहन चालकों की जानकारी हासिल कर वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, शिकायतकर्ता डॉ. प्रतीक राजन मुणगेकर (39) ने 10 जून 2026 को अपनी इंडिगो कार (MH-01-EE-2507) डोंगरी स्थित इंडिया यूनाइटेड मिल्स परिसर के पास सड़क किनारे पार्क की थी। अगले दिन सुबह वाहन गायब मिला। इस संबंध में भायखला पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त जानकारी के आधार पर पता लगाया कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से वाहन चालकों की जानकारी प्राप्त करता था। इसी कड़ी में मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया।
पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) में छापेमारी कर आरोपी अबरार अहमद शेख (37) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई इंडिगो कार भी बरामद कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में भायखला पुलिस स्टेशन की अपराध जांच टीम द्वारा की गई। मामले की आगे की जांच जारी है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment