ऑटो रिक्शा चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़, 12 चोरी के रिक्शे बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार




मुंबईः खेरवाड़ी पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन टीम ने ऑटो रिक्शा चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 12 ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से खेरवाड़ी क्षेत्र में सीसीटीवी रहित स्थानों से ऑटो रिक्शा चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। 15 जून 2026 को बांद्रा पूर्व क्षेत्र से एमएच-02-ईएफ-3211 नंबर का ऑटो रिक्शा चोरी होने के बाद खेरवाड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से दूर स्थित सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की नजर मोहम्मद इकबाल सिरताज अली शेख उर्फ लकी (23) और मोहम्मद फरीद मिराज अली हाशमी (20) पर गई, जो संदिग्ध रूप से घूमते हुए दिखाई दिए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किए गए ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल निर्माण स्थलों से कबाड़ चोरी करने के लिए करते थे। वारदात के बाद वे रिक्शों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रख देते थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाकोला पाइपलाइन क्षेत्र में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खेरवाड़ी, निर्मल नगर, वाकोला और विले पार्ले पुलिस थाना क्षेत्रों में ऑटो रिक्शा चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 चोरी के ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं तथा 12 चोरी के मामलों का खुलासा किया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम परिमंडल-1) निमित गोयल, सहायक पुलिस आयुक्त संजय गायकवाड़, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुप्रिया पाटिल तथा पुलिस निरीक्षक (अपराध) कुणाल मोहिते के मार्गदर्शन में की गई।
जांच टीम में पुलिस उपनिरीक्षक सचिन पाटिल, प्रदीप लोंढे सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 संवाददाता जावेद शेख।

Post a Comment

Previous Post Next Post