फर्जी वरासत कर भूमि हड़पने की साजिश नाकाम, धोखाधड़ी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार




संवाददाता मोहम्मद यासिर 

आजमगढ़ सरायमीर थाना पुलिस ने फर्जी वरासत दर्ज कर भूमि के अवैध बैनामे और धोखाधड़ी के एक चर्चित मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, मृतक नसीम अहमद की संपत्ति से जुड़े उत्तराधिकार अभिलेखों में कथित रूप से कूटरचना कर उनकी पत्नी नसरीन एवं बच्चों के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी की गई थी। आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में भ्रामक तथ्यों के आधार पर फर्जी वरासत दर्ज कराई गई और बाद में भूमि का बैनामा कर धोखाधड़ी का प्रयास किया गया।
इस संबंध में सफुद्दीन पुत्र हकीमुद्दीन निवासी नन्दाव, थाना सरायमीर की शिकायत पर थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 474/2025 दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए, जिनके आधार पर अभियुक्तों की संलिप्तता प्रकाश में आई। इसके बाद पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 जून 2026 को उपनिरीक्षक राजकुमार यादव एवं उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त अब्दुल फहद कादनपट्टी मोड़ पर मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त अब्दुल फहद (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नसीम निवासी राजापुर सिकरौर, थाना सरायमीर को शाम 7:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी वर्ष 2019 में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post