सड़क दुर्घटना पीड़ितों को बड़ी राहत, अब 1.5 लाख तक मिलेगा मुफ्त कैशलेस इलाज




आजमगढ़। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री राहत (PM-RAHAT) योजना जनपद आजमगढ़ में प्रभावी रूप से लागू कर दी गई है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस (निःशुल्क) इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती उपचार जीवन बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य से सरकार ने यह व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत दुर्घटना पीड़ित को सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना किसी प्रारंभिक भुगतान के तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग एवं प्रमुख जिला मार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ित इस योजना के पात्र होंगे। जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों के साथ-साथ 20 निजी अस्पतालों को भी योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया है।
सीएमओ ने कहा कि सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल भर्ती कर उपचार देना अनिवार्य है। यदि किसी अस्पताल द्वारा इलाज में लापरवाही या अनावश्यक विलंब किया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार सुनिश्चित करें, जिससे बहुमूल्य जीवन बचाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post