संवाददाता मोहम्मद यासिर
आजमगढ़ सरायमीर थाना पुलिस ने महिलाओं को भूत-प्रेत व तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग के सरगना को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी आजमगढ़ समेत बरेली, बुलंदशहर व मुजफ्फरनगर में सक्रिय बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 9 मई को सरायमीर क्षेत्र की एक महिला से पति पर भूत-प्रेत का साया बताकर कान की झाली, लॉकेट, मोबाइल फोन और करीब एक लाख रुपये ठग लिए गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
सोमवार देर रात सूचना मिलने पर पुलिस ने खरेवा मोड़ के पास घेराबंदी की। बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान (48) निवासी अलीगढ़, हाल पता ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की बाइक, दो मोबाइल फोन, जेवर, ₹11,100 नकद, देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी के साथ बाजारों में अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाकर तंत्र-मंत्र व शुद्धिकरण के नाम पर जेवर और नकदी लेकर फरार हो जाता था। पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।
Post a Comment