आजमगढ़ साइबर पुलिस की बड़ी सफलता, 7 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार



संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी जितेन्द्र प्रसाद यादव (26) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र निवासी डॉ. शफी उज्जमां के बैंक खातों से जनवरी 2026 में कुल 6,98,619 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कुशीनगर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को फर्जी खातों और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से नकद में परिवर्तित करने का कार्य करता था। वह पेट्रोल पंपों, जनसेवा केंद्रों तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर भुगतान कर नकदी प्राप्त करता था और बाद में रकम गिरोह के सदस्यों में बांट दी जाती थी।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र तथा एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक विभा पाण्डेय एवं उनकी टीम द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post