संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने जनसेवा की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गरीब, असहाय मरीजों तथा जरूरतमंद बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है। 29 मई से 4 जून 2026 के बीच उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के 48 जरूरतमंद लोगों को कुल ₹4,04,000 की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से वितरित की।
सहायता प्राप्त करने वालों में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तथा विवाह योग्य बेटियों के अभिभावकों को प्राथमिकता दी गई। लाभार्थियों को ₹5 हजार से लेकर ₹25 हजार तक की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गरीबों, असहाय मरीजों, विधवाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद बेटियों की सहायता करना उनका नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, स्नेह और दुआएं ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के उद्देश्य से उनका जनसेवा अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव सहायता की जाती रहेगी।
एमएलसी ने कहा कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसके दुख-दर्द में सहभागी बनना ही उनके सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य है। इसी भावना के साथ वह लगातार समाजसेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं।
Post a Comment