आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार




वाराणसी। वाराणसी पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम ने आईपीएल मैचों पर चल रही अवैध सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना कैंट क्षेत्र की अर्दली बाजार चौकी अंतर्गत टकटकपुर इलाके में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SOG प्रभारी गौरव सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टकटकपुर क्षेत्र में आईपीएल मैचों पर बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर SOG टीम ने छापेमारी कर मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो दर्जन मोबाइल फोन, नकदी, 7 लैपटॉप, सट्टेबाजी से संबंधित रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। बरामद उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों तरीके से सट्टेबाजी संचालित किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
SOG टीम ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए थाना कैंट पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मामले में संबंधित प्रभारी निरीक्षक को अवगत कराते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

संवाददाता एम. एस. जाबिर

Post a Comment

Previous Post Next Post