निगोही पुलिस की मुठभेड़ में शातिर लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चोरी की बाइक व अवैध तमंचा बरामद




शाहजहाँपुर के थाना निगोही क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर दबोच लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटे गए कुण्डल समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत निगोही पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 17 अप्रैल को हमजापुर बाईपास पर महिला से कुण्डल झपट्टा मारने वाला आरोपी चोरी की बाइक से फिर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी बाइक मोड़कर ग्राम कटैया उस्मानपुर की ओर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेश उर्फ शिवा राठौर निवासी शाहबाद, हरदोई के रूप में हुई है। उसके पास से देशी तमंचा 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, लूटा गया पीली धातु का कुण्डल, चोरी की स्प्लेंडर बाइक, हेलमेट, कीपैड मोबाइल और 210 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी निगोही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाहजहाँपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अजय सिंह की  रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post