चलती ट्रेन बनी मौत का मैदान: चंदौली में पैसेंजर ट्रेन के अंदर युवक को मारी गोली, शव फेंक फरार हुए बदमाश





चंदौली जिले में रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन चलती ट्रेन के अंदर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ट्रेन के कोच में ही गोली मार दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को ट्रेन से नीचे फेंककर खुद भी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि यह सनसनीखेज घटना सकलडीहा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर और दरियापुर गांव के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन में कुछ युवकों के बीच पहले कहासुनी हो रही थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अचानक गोली चल गई और पूरा डिब्बा चीख-पुकार से गूंज उठा। घटना के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई।

यात्रियों ने बताया कि दो संदिग्ध युवक काफी देर से ट्रेन में मौजूद थे। दोनों के पास पिट्ठू बैग था। हत्या के बाद उन्होंने युवक के शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया। जैसे ही सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, दोनों आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रेलवे ट्रैक के बीच करीब दो किलोमीटर दूर एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया।

सीओ सकलडीहा *कृष्ण मुरारी शर्मा* और सीओ जीआरपी *कुंवर प्रभात सिंह* मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

वहीं इस घटना के बाद ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अगर चलती ट्रेन में अपराधी खुलेआम गोली चला रहे हैं तो यात्रियों की सुरक्षा आखिर किसके भरोसे है। चंदौली की इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

संवाददाता एम एस जाबिर

Post a Comment

Previous Post Next Post