मुंबई ठाणे: मीरा रोड इलाके में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम डिटेक्शन ब्रांच सेल-4 ने 1 किलो 324 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 66 लाख 17 हजार 280 रुपये बताई जा रही है। इस मामले में अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:05 बजे नयानगर, मीरा रोड ईस्ट स्थित छेड़ा आदर्श बिल्डिंग, बैंक रोड पर रहने वाली फिरदोस अरबाज कुरैशी के घर पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान घर से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह नशीला पदार्थ उसके पति अरबाज कुरैशी का था।
इस मामले में नयानगर पुलिस स्टेशन में क्राइम नंबर 102/2026 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की धारा 8(a), 21(a), 22(a) और 29 के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने इस मामले में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें फिरदोस अरबाज कुरैशी, अरबाज वकील कुरैशी, मोइज जावेद खान, अरमान अली कलाम अली राइन, सुनील कमल यादव, मोहम्मद वसीम यूसुफ शेख, इरफान अनवर कुडिया, मोहम्मद अराफात शमसुद्दीन अंसारी, श्रीमती खालदा अराफात अंसारी और आकाश सत्यराम यादव शामिल हैं। आरोपी मुंबई, मीरा रोड और गुजरात के अलग-अलग इलाकों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। क्राइम डिटेक्शन ब्रांच सेल-4 अब इस पूरे रैकेट के पीछे मौजूद अन्य सप्लायर्स और फाइनेंसरों की तलाश में जुटी हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गहराई से की जा रही है और आने वाले दिनों में इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment