रेल लाइन की मांग को लेकर लालगंज में निकाला गया पदमार्च



संवाददाता जाबिर शेख 

लालगंज, आजमगढ़। वाराणसी से गोरखपुर तक प्रस्तावित रेल लाइन परियोजना को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर बुधवार को लालगंज क्षेत्र में विशाल पदमार्च निकाला गया। यह मार्च देवगांव बाजार से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील परिसर तक पहुंचा, जहां लोगों ने प्रदर्शन कर सरकार से जल्द रेल लाइन निर्माण की मांग उठाई।
पदमार्च में शामिल लोगों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “रेल हमारा अधिकार है” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बीते 9 वर्षों से क्षेत्र की जनता रेल सुविधा का इंतजार कर रही है, लेकिन अब तक परियोजना पर कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हो सका है।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि रेल लाइन बनने से लालगंज समेत आसपास के क्षेत्रों के व्यापार, शिक्षा और रोजगार को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी, युवा और सामाजिक संगठन के लोग मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post