झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत, क्लिनिक सील आरोपी हिरासत में



संवाददाता जाबिर शेख 

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में एक कथित झोलाछाप डॉक्टर द्वारा संचालित निजी क्लिनिक पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने क्लिनिक संचालक पर लापरवाही, गलत उपचार और समय रहते उचित चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध न कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बरदह क्षेत्र के खम्हौली गांव निवासी सुरेंद्र बिन्द ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार की शाम लगभग छह बजे उनकी 32 वर्षीय पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए मुक्तिपुर स्थित एक निजी  क्लिनिक पर ले जाया गया। आरोप है कि क्लिनिक संचालक चन्द्रसेन यादव, जो बिना मानक चिकित्सकीय व्यवस्था के इलाज कर रहा था, ने महिला का उपचार शुरू किया लेकिन हालत लगातार बिगड़ती रही। परिजनों का कहना है कि न तो सही इलाज किया गया और न ही समय रहते किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जिससे महिला की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने संबंधित क्लिनिक पर कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सील करा दिया। वहीं पुलिस ने सुरेंद्र बिन्द की तहरीर के आधार पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 159/2026 धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी क्लिनिक संचालक चन्द्रसेन यादव निवासी कदनापुर थाना दीदारगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई झोलाछाप डॉक्टर बिना पंजीकरण और मानक सुविधाओं के क्लिनिक संचालित कर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

Post a Comment

Previous Post Next Post