संवाददाता जाबिर शेख
आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत अल्लीपुर बाजार स्थित माँ कमला जी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों एवं निरीक्षण के दौरान पाई गई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल द्वारा शासन द्वारा निर्धारित कई अनिवार्य मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त यह भी शिकायत प्राप्त हुई कि अस्पताल में प्रशिक्षित एवं पंजीकृत चिकित्सकों के स्थान पर अपात्र व्यक्तियों द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा था, जो अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सालय प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द्र कुमार द्वारा मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से उक्त चिकित्सालय को सील कर दिया गया।
साथ ही अस्पताल संचालक को निर्देशित किया गया है कि वह समस्त अभिलेखों सहित तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त न होने की स्थिति में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध एवं मानक विहीन चिकित्सालयों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
Post a Comment