अनियंत्रित स्कॉर्पियो का कहर, 8 लोग घायल बस से टक्कर के बाद मची अफरातफरी




संवाददाता अंकित कुमार शर्मा 

गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-इटियाथोक मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा करीब दोपहर 1:30 बजे यादव जलपान गृह के पास हुआ, जहां कई लोग चाय पी रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटियाथोक की ओर से आ रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन सामने से आ रही रोडवेज बस से भी भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
इस हादसे में अस्पताल स्टाफ समेत कुल 8 लोग घायल हो गए। घायलों में रमेश प्रजापति (35), कन्हैयालाल (26), चंद्रपाल (35), फूलजहां (35), अस्पताल कर्मी रिंकी (19), नूर मोहम्मद (38), हसन (13) और आसिफ (18) शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि एक घायल की कलाई वाहन के नीचे आ गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना पास के अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार और टक्कर का पूरा घटनाक्रम साफ देखा जा सकता है।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी घायल की हालत नाजुक नहीं है, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं पीड़ितों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post