पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार




संवाददाता अंकित कुमार शर्मा

गोंडा। जनपद में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और ज्योतिष के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनसे लाखों रुपये और सोने-चांदी के जेवरात ठगता था। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं नगर क्षेत्राधिकारी की टीम ने इस गिरोह का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपी “शिव शक्ति ज्योतिष एवं आध्यात्मिक अनुसंधान केंद्र” के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चलाते थे और लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान करने का झूठा दावा करते थे।
आरोपी बुलंदशहर और मेरठ के रहने वाले हैं और हिंदू नामों का इस्तेमाल कर लोगों को विश्वास में लेते थे। ये लोग ज्योतिष, वास्तु और कर्मकांड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के नाम पर पोस्टर और पर्चे छपवाकर अलग-अलग क्षेत्रों में चिपकाते और अखबारों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाते थे।
जब कोई व्यक्ति इनके संपर्क में आता था, तो उसे गोंडा स्थित कार्यालय बुलाया जाता था। प्रारंभिक पूजा-पाठ के बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंचकर पूजा सामग्री के नाम पर सोने-चांदी के जेवरात मांग लेते थे। इसके बाद इन आभूषणों को कलश में रखकर पूजा शुरू की जाती थी और फिर उसी कलश में सांप रखकर परिवार को डराया जाता था। आरोपी कहते थे कि घर के देवता नाराज हैं और विशेष पूजा करानी होगी।
डरे-सहमे परिवार से आरोपी मोटी रकम ऐंठ लेते थे और उन्हें 21 दिनों तक कलश न खोलने की हिदायत देकर फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नमेश्वर, हसरत अली, इमरान, इरशाद और तौहीद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 1 लाख 99 हजार 500 रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, 5 फर्जी पहचान पत्र, 25 मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से लोगों को ठग रहा था और गोंडा नगर कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय था। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रहरी मुम्बई न्यूज़ आम जनता से अपील करता है कि ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post