जेल के भीतर मुन्ना बजरंगी का कत्ल, 4 पिस्तौल की साजिश का खुलासा अब CBI कोर्ट में बड़ा फैसला बाकी





गाजियाबाद: चर्चित मुन्ना बजरंगी हत्याकांड में शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में आरोपितों पर चार्ज को लेकर अहम सुनवाई हुई। सुरक्षा कारणों के चलते सभी आरोपितों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कराई गई। मामले की अगली सुनवाई अब 11 मई को होगी,
गौरतलब है कि गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी को एक अन्य मामले में पेशी के लिए झांसी जेल से बागपत जेल लाया गया था। इसी दौरान 9 जुलाई 2018 को जेल के अंदर ही गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील राठी के अलावा परवेंद्र राठी, बब्लू तोमर, ओमवीर राठी और अरविंद राठी को भी आरोपी बनाया गया है। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी।
जांच में खुलासा हुआ कि जेल परिसर के भीतर 4 पिस्तौलें लाई गई थीं। इनमें से 3 का इस्तेमाल हत्या में किया गया, जबकि चौथी पिस्तौल को छिपाने के लिए सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया था।
घटना के बाद मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद फरवरी 2020 में कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है।
शुक्रवार की सुनवाई में मुख्य आरोपी सुनील राठी को पौड़ी गढ़वाल जेल और परवेंद्र राठी को आजमगढ़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। अब इस हाई-प्रोफाइल केस में सभी की निगाहें 11 मई की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

ए के सिंह नितिश कुमार.

Post a Comment

Previous Post Next Post