आजमगढ़ सगड़ी तहसील के भुवना बुजुर्ग गांव में शनिवार को आयोजित चौपाल के दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखते हुए बड़ी कार्रवाई की। लापरवाही सामने आने पर लेखपाल सुजीत कुमार यादव को तत्काल निलंबित करने, मुकदमा दर्ज कराने और जांच के बाद सेवा समाप्ति की कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री और नाम मिसमैच की शिकायत की थी। जांच में लापरवाही मिलने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया।
चौपाल के बाद गांव भ्रमण के दौरान डीएम ने तीन महीने से गिरे पड़े विद्युत तार देख नाराजगी जताई। ग्रामीणों की शिकायत पर जीयनपुर के एसडीओ विद्युत और जेई के खिलाफ जांच कर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने 62 लोगों का निशुल्क इलाज कर दवा वितरित की। पशु चिकित्सा विभाग को अगले दिन टीकाकरण कैंप लगाने, 5 मृतक पेंशनरों के नाम हटाने और आग पीड़ित को ₹30 हजार सहायता देने के निर्देश भी दिए गए।
पीएम आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना के सत्यापन में 100 आवास पूर्ण पाए गए। वहीं सामुदायिक शौचालय की बेहतर व्यवस्था के लिए समूह संचालिका कलावती को डीएम ने सम्मानित किया।
चौपाल में सीडीओ परीक्षित खटाना, ग्रामीण एसपी चिराग जैन, एसडीएम श्याम प्रताप सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता ए के सिंह
Post a Comment