मुंबई: मुंबई क्राइम ब्रांच ने बायकुला इलाके में हुई फायरिंग और हत्या की कोशिश के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-3 कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को शाम करीब 5:45 बजे डॉकयार्ड रोड स्थित मीनाक्षी अपार्टमेंट, मझगांव इलाके में समीर मोहम्मद आसिफ खान (41) पर एक अज्ञात शख्स ने फायरिंग कर हत्या की कोशिश की थी। इस मामले में बायकुला पुलिस स्टेशन में G.R. No. 258/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 109, 308, 3 (5), महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37 (1) (A), 135 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने समानांतर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल आरोपी माहिम दरगाह इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 13 मई की आधी रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक की उम्र 30 वर्ष और दूसरे की उम्र 33 वर्ष बताई जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या थी तथा इसमें और कौन-कौन शामिल हैं। संवाददाता जावेद शेख।
Post a Comment