आज़मगढ़। जनपद में गुरुवार को आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) की कार्रवाई से सनसनी फैल गई। एटीएस टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध अकाउंट्स के संपर्क में रहने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर गांव निवासी मोहम्मद अहमद और सरायमीर थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी आजम सैफी को एटीएस टीम अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह मोहम्मद अहमद अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी अचानक पहुंची एटीएस टीम ने उससे पूछताछ की और बाद में हिरासत में लेकर रवाना हो गई।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियां काफी समय से दोनों युवकों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। बताया जा रहा है कि दिल्ली से मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कुछ संदिग्ध विदेशी हैंडल्स से संपर्क की बात सामने आने की चर्चा है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को आगे की पूछताछ के लिए प्रयागराज ले जाया गया है। वहीं जिले के कुछ अन्य युवकों की गतिविधियां भी जांच एजेंसियों के रडार पर बताई जा रही हैं। एटीएस की इस कार्रवाई के बाद संबंधित इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फरिहां चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि मोहम्मद अहमद को एटीएस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाने की सूचना प्राप्त हुई है। हालांकि मामले में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही हैं और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
Post a Comment