आजमगढ़। सरकारी सेवा में कार्यरत डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पतालों और स्वयं की क्लीनिक में प्राइवेट प्रैक्टिस किए जाने के विरोध में भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, मंडल आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में तैनात कुछ डॉक्टर खुलेआम निजी अस्पतालों अथवा अपने क्लीनिक में प्रैक्टिस कर रहे हैं। साथ ही सरकारी अस्पतालों से मरीजों को दलालों के माध्यम से निजी अस्पतालों में भेजकर आर्थिक शोषण किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर चिकित्सा सचिव द्वारा सरकारी डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस न करने संबंधी शपथ पत्र लेने के आदेश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है।
जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन तेज करेगा तथा न्यायालय की शरण भी ली जाएगी।
इस दौरान धर्मवीर शर्मा, राजन अस्थाना, जैनेंद्र चौहान, हिमांशु सिंह और चंद्रप्रकाश मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment