होनहार बेटे की मौत से टूटा परिवार, गर्रा नदी में मिला IIT इंजीनियर




शाहजहांपुर  जनपद के तिलहर थाना क्षेत्र से लापता चल रहे एक होनहार युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार देर शाम बख्तियारपुर क्षेत्र स्थित गर्रा नदी में 24 वर्षीय आईआईटी इंजीनियर अभिनव वर्मा का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव से लेकर शहर तक शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, तालबीपुर दयूरिया बारिद गांव निवासी एवं वर्तमान में मोहल्ला हिंदू पट्टी में रह रहे ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश वर्मा के पुत्र अभिनव वर्मा बीते सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गए थे। वह घर पर रहकर ऑनलाइन सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी चिंता बढ़ती चली गई। बुधवार शाम बख्तियारपुर क्षेत्र में गर्रा नदी में एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई देने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव व कोतवाल जुगुल किशोर ने पुलिस टीम के साथ शव को बाहर निकलवाया। मृतक के छोटे भाई अंशुमान वर्मा ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां मीनाक्षी व पिता राकेश वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। बताया जा रहा है कि अभिनव पढ़ाई में बेहद मेधावी थे और परिवार को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

अजय सिंह की रिपोर्ट शाहजहांपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post