महाराष्ट्र मुंबई के कल्याण स्थित टिटवाला से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों के होश उड़ा दिए हैं। एक हाईप्रोफाइल सोसायटी के आलीशान फ्लैट में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुंबई पुलिस ने करीब 6 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की है। इस काले धंधे की मास्टरमाइंड ए. पॉल नामक महिला निकली, जो कभी डांस बार में काम करती थी और अब ड्रग्स की दुनिया की बड़ी सप्लायर बन चुकी थी। पुलिस ने जब छापेमारी की तो घर से 'मर्सिडीज' और 'डॉलर' के लोगो वाली करीब 5 हजार एक्स्टेसी गोलियां मिलीं, जिनका कनेक्शन सीधे तौर पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश साकीनाका में हुई एक छोटी सी गिरफ्तारी से शुरू हुआ। पुलिस ने पहले इरफान नामक शख्स को 200 गोलियों के साथ दबोचा, जिसके बाद कड़ियां जुड़ती गईं और जांच सुफियान से होते हुए टिटवाला की इस आलीशान सोसायटी तक जा पहुंची। डीसीपी नवनाथ ढवले के नेतृत्व में टीम ने तीन दिनों तक डिजिटल सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए जाल बुना और शनिवार की रात आरोपी महिला को उसके घर में ही दबोच लिया। आरोपी को इतना आत्मविश्वास था कि पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाएगी, इसलिए उसने ड्रग्स का पूरा जखीरा अपने घर में ही डंप कर रखा था।
जांच में यह भी सामने आया कि खुद को बचाने के लिए यह 'ड्रग्रस क्वीन' बेहद शातिर तरीके अपनाती थी। पुलिस को उसके पास से 5 मोबाइल फोन और करीब 8 सिम कार्ड मिले हैं, जिनका इस्तेमाल वह अलग-अलग डील्स के लिए करती थी ताकि कोई उसे ट्रैक न कर सके। दो शादियां कर चुकी ए. पॉल का आपराधिक बैकग्राउंड भी रहा है और उसके एक पति का पुराना रिकॉर्ड पुलिस खंगाल रही है।
Post a Comment