दर्दनाक सड़क हादसा, महिला की मौके पर मौत, पति गंभीर घायल




गोंडा। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दुजनपुर-बालेश्वरगंज मार्ग पर हुआ, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, तरबगंज क्षेत्र के भानपुर निवासी अशोक प्रजापति अपनी पत्नी नीतू के साथ बाइक से रिश्तेदारी जा रहे थे। जैसे ही वे समेरापुर के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला नीतू की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। वहीं पति अशोक प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपति को तुरंत वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post