संवाददाता: मोहम्मद यासिर
आजमगढ़, 19 अप्रैल 2026। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज और थाना फूलपुर क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य तथा एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी।
थाना जहानागंज क्षेत्र में पीजीआई चक्रपानपुर परिसर में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के दौरान पुलिस ने गम्भीरवन क्षेत्र में घेराबंदी कर संजय भील उर्फ संजू (निवासी धार, मध्य प्रदेश) को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, लगभग ₹6.5 लाख मूल्य के आभूषण व ₹40,000 नकद बरामद किए गए।
वहीं थाना फूलपुर क्षेत्र में भोरमऊ पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान फरार हिस्ट्रीशीटर केसरी चौहान (निवासी मेहमौनी) को घायल कर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से देशी तमंचा, कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल व नगदी बरामद हुई। अभियुक्त के विरुद्ध हत्या, चोरी, एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट सहित 14 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment